home page

असम में अलग-अलग अभियानों में पांच पिस्तौल और 13 कारतूस बरामद, चार हिरासत में

 | 
असम में अलग-अलग अभियानों में पांच पिस्तौल और 13 कारतूस बरामद, चार हिरासत में


गुवाहाटी, 30 सितंबर (हि.स.)। असम के गोलाघाट और कामरूप जिलों में पुलिस ने अलग-अलग अभियानों के दौरान पांच पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए। इन मामलों में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने आज बताया कि गोलाघाट जिले के सरूपथार स्थित चुंगाजान में पुलिस ने बीती रात अभियान चलाकर चार पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए। इस सिलसिले में नगालैंड के डिमापुर निवासी बताए जा रहे युवक राखल शील को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में 7.65 एमएम की दो पिस्तौल और .22 की दो पिस्तौल शामिल हैं। उसके कब्जे से एक टॉर्च और प्लास्टिक सामग्री से भरा एक बैग भी बरामद किया गया।

पुलिस शील से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और उनके संभावित गंतव्य का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हथियारों को कथित तौर पर किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

वहीं, कामरूप जिले के हाजो के कोसरुवा इलाके में स्थानीय लोगों ने उत्तर प्रदेश के तीन लोगों को कथित तौर पर पिस्तौल रखने के आरोप में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उनकी पहचान विशाल मौर्य, कुलदीप और आकाश मौर्य के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के निवासी बताये गये हैं।

उनके पास से एक पिस्तौल और करीब एक लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।

दोनों मामलों में पुलिस हथियारों के स्रोत, उनकी आवाजाही और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। आगे की जांच जारी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश