अभयापुरी में भीषण आगजनी, 14 व्यावसायिक प्रतिष्ठान जलकर राख
बंगाईगांव (असम), 08 अप्रैल (हि.स.)। अभयापुरी के घिलागुड़ी क्षेत्र में मंगलवार की देर रात अचानक लगी भयावह आग की घटना में तीनिआली बाजार स्थित कम से कम 14 व्यावसायिक प्रतिष्ठान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे आग लगी और देखते ही देखते आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग के दौरान एक होटल में रखे दो एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट होने से स्थिति और भी भयावह हो गई, जिससे आग तेजी से फैल गई।
इस अग्निकांड में किराना दुकान, चाय की दुकान, ऑनलाइन कैफे, कपड़े और चप्पल की दुकान, सैलून, मनिहारी दुकान, पूजा सामग्री की दुकान तथा जेरॉक्स केंद्र सहित कुल 14 प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना में लगभग 80 से 90 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
सूचना मिलते ही अभयापुरी अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक रूप से विद्युत शॉर्ट सर्किट को इसका संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

