home page

कल असम का पूर्ण बजट 2026-27 पेश करेंगे वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा

 | 
कल असम का पूर्ण बजट 2026-27 पेश करेंगे वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा


गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। असम के वित्त मंत्री जयंत मल्लबरुवा शुक्रवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का पूर्ण बजट पेश करेंगे। उल्लेखनीय है कि चालू 16वीं असम विधानसभा का बजट सत्र 6 जुलाई से शुरू हुआ है और 31 जुलाई तक चलेगा।

नई सरकार में वित्त मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद यह जयंत मल्लबरुवा का पहला पूर्ण बजट होगा। ऐसे में राज्यभर में इस बजट को लेकर लोगों के बीच खास उत्सुकता है। माना जा रहा है कि बजट विकास, रोजगार सृजन और जनकल्याण पर केंद्रित होगा।

सोनापुर में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार पिछले बजट के लगभग 90 प्रतिशत आवंटन का सफलतापूर्वक उपयोग करने में सक्षम रही है। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार का लक्ष्य आवंटित राशि का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करना है, ताकि विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव लेकर एक व्यावहारिक और जनोन्मुखी बजट तैयार किया गया है।

डिमोरिया के खेत्री नलगेदेरा में रिंग रोड निर्माण के लिए पहाड़ कटाई के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य को विकास भी चाहिए और प्रकृति की सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी होगी।

सूत्रों के अनुसार, बजट में राज्य सरकार की प्रमुख योजना ‘अरुणोदय’ के तहत मासिक वित्तीय सहायता बढ़ाने तथा नए लाभार्थियों को शामिल करने की घोषणा हो सकती है। इसके अलावा सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने की रूपरेखा, युवाओं के लिए नए स्टार्टअप फंड, सेमीकंडक्टर परियोजना जैसे बड़े निवेशों को देखते हुए औद्योगिक अवसंरचना के लिए अधिक पूंजीगत प्रावधान तथा बाढ़ प्रबंधन, तटबंध निर्माण और बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए विशेष पैकेज की भी घोषणा किए जाने की संभावना है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश