पीएम-किसान योजना की अगली किस्त कल जारी करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, असम के 18 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ: हिमंत
गुवाहाटी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की अगली किस्त जारी करेंगे। इससे असम के 18 लाख से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर के किसानों के लिए योजना की अगली किस्त की राशि जारी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्तीय सहायता से असम के 18 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश के अन्य राज्यों के किसानों के साथ असम के किसान भी इस योजना के तहत आर्थिक सहायता प्राप्त करेंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग देना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

