असम राइफल्स में फर्जी भर्ती के नाम पर ठगी का मामला, कथित मास्टरमाइंड गिरफ्तार
गुवाहाटी, 05 नवंबर (हि.स.)। असम में असम राइफल्स में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेकर कथित तौर पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।
असम सीआईडी की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान फिरोज अली उर्फ फिरोज अंसारी उर्फ बी. सिंह के रूप में हुई है। वह किस्मत अली का पुत्र है। उसे गुरुवार सुबह करीब 5.15 बजे उदालगुड़ी जिले के पानेरी थाना अंतर्गत क्रिस्टियानापारा से गिरफ्तार किया गया।
सीआईडी के अनुसार, आरोपित इस मामले का कथित मास्टरमाइंड है। इस संबंध में सीआईडी थाना केस संख्या 07/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं 61(2), 316(3), 318(3), 336(3), 338 और 341(1) के तहत दर्ज है।
आरोपित के घर की तलाशी के दौरान दो वॉकी-टॉकी सेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
मामले में आगे की जांच जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

