असम से दुबई निर्यात किए गए 123 किलोग्राम अगरवुड चिप्स
गुवाहाटी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। असम की सुगंधित विरासत को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य से दुबई को 123 किलोग्राम अगरवुड चिप्स का निर्यात किया गया है। इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार में असम की भागीदारी बढ़ने के साथ ही इस क्षेत्र से जुड़े किसानों और श्रमिकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि अगरवुड चिप्स का दुबई निर्यात असम की वैश्विक व्यापार में उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में अगरवुड उद्योग से 50,000 से अधिक किसान और श्रमिक जुड़े हुए हैं। इस निर्यात से उन्हें नए अवसर मिलने की संभावना है।
अगरवुड अपनी विशिष्ट सुगंध के लिए प्रसिद्ध है। इसका उपयोग इत्र, धूप तथा विभिन्न पारंपरिक उत्पादों के निर्माण में किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग को देखते हुए असम के अगरवुड क्षेत्र में व्यापार और रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं।
इस निर्यात से राज्य के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने तथा स्थानीय उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

