home page

असमः गौरीपुर में 600 बीघा भूमि को खाली कराने के लिए पहुंचे 60 बुलडोजर

 | 
असमः गौरीपुर में 600 बीघा भूमि को खाली कराने के लिए पहुंचे 60 बुलडोजर


धुबड़ी (असम), 01 नवंबर (हि.स.)। निचले असम के धुबड़ी जिलांतर्गत गौरीपुर के अलमगंज नवम खंड में अवैध रूप से कब्जा की गयी भूमि को खाली कराने के लिए प्रशासन ने आज अभियान शुरू किया है।

जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में लगभग 600 बीघा भूमि खाली कराई जाएगी। 600 बीघा भूमि में 500 परिवार हैं। अभियान के दौरान किसी तरह की कोई बाधा उत्पन्न न हो इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। अतिक्रमण को खाली कराने के लिए 60 से अधिक बुलडोजर मौके पर पहुंच गये हैं। इस कार्रवाई के लिए धुबड़ी जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।

इस अभियान को सफल बनाने के लिए आज से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। गौरीपुर राजस्व चक्र के अंतर्गत अलमगंज नवम खंड में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। प्रशासन के इस अभियान से पहले ही खुद-ब-खुद लोग अपने घर और बाड़ी तोड़कर दूसरी जगह चले गए हैं। वहीं कुछ लोगों ने घर-बाड़ी तोड़कर दूसरी जगह स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस बीच गौरीपुर अतिक्रमण हटाओ स्थल पर बाघ सेना के नेता यूनुस तामुली भी आज सुबह पहुंच गये। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस अभियान के लिए स्थानीय सांसद रक़िबुल हुसैन जिम्मेदार हैं। चुनाव के समय रक़िबुल हुसैन द्वारा की गई टिप्पणी के कारण आज सरकार ने बेदखली अभियान चलाया है। उन्होंने सरकार से प्रभावित परिवारों की चिंता करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय