home page

असम अब देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण केंद्र : भाजपा

 | 
असम अब देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण केंद्र : भाजपा


गुवाहाटी, 21 जून, (हि.स.)। एक समय में दुर्गम और असुरक्षित समझा जाने वाला असम आज देश-विदेश के पर्यटकों तथा निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य में शांति, विकास और पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने कहा कि वर्षों तक उग्रवाद और अस्थिरता से प्रभावित रहने वाला असम अब स्थायी शांति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से विभिन्न संगठनों के साथ 12 से अधिक शांति समझौते हुए हैं, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में सुरक्षा और विकास का वातावरण बना है।

कलिता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के दौरे और वहां रात्रि प्रवास करने से असम के पर्यटन को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2025-26 में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में लगभग 5.48 लाख पर्यटकों ने भ्रमण किया, जबकि पिछले वर्ष राज्य के हवाई अड्डों का उपयोग 70 लाख से अधिक यात्रियों ने किया।

उन्होंने कहा कि हाल ही में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के असम दौरे के बाद यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के लिए असम यात्रा संबंधी प्रतिबंध हटाने की घोषणा की गई है। इससे असम के पर्यटन और निवेश क्षेत्र को नई गति मिलेगी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और जापान भी अपने नागरिकों के लिए असम संबंधी यात्रा प्रतिबंध समाप्त कर चुके हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार की होमस्टे योजना, बौद्ध पर्यटन सर्किट में उत्तर-पूर्व को शामिल किए जाने, अंतरराष्ट्रीय स्तर के संगीत कार्यक्रमों तथा आईपीएल एवं अन्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन से असम युवाओं और पर्यटकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पर्यटन क्षेत्र का राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान लगातार बढ़ रहा है और इससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

प्रांजल कलिता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम के पर्यटन क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत हुई है, जिससे राज्य की आर्थिक प्रगति के साथ-साथ युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता और रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश