home page

छह अप्रैल को प्रधानमंत्री के होजाई आगमन के लिए व्यापक तैयारी

 | 

होजाई (असम), 31 मार्च (हि.स.)। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर प्रचार अभियान जोर पकड़ चुका है। राष्ट्रीय स्तर के नेता राज्य के कुछ विशेष क्षेत्रों में अपनी पार्टी और प्रत्याशी के समर्थन में जनता के बीच बैठक, शोभायात्रा आदि के माध्यम से चुनावी प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में होजाई जिले के मुख्यालय शहर के श्रीमंत शंकरदेव नगर में आगामी 6 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आएंगे।

इसके लिए पहले से ही श्रीमंत शंकरदेव नगर में जिला आयुक्त कार्यालय के सामने स्थित खेल मैदान में सुरक्षा कर्मियों की देखरेख में सभा के पंडाल के निर्माण का कार्य तथा सभी अन्य कार्य किए जा रहे हैं। पूरी तत्परता के साथ तैयारी चल रही है। प्रदेश भाजपा ने लगभग एक लाख लोगों की उपस्थिति में उक्त सभा आयोजित करने की योजना बनाई है।

दूसरी ओर, आगामी 1 अप्रैल को 2 नंबर काकी में भाजपा उम्मीदवार शिवू मिश्रा के लिए राज्य के कैबिनेट मंत्री पियूष हजारिका चुनावी प्रचार चलाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय