home page

असम चुनाव: हाफलोंग विधानसभा के दूरस्थ पोलिंग बूथों के लिए मतदान कर्मी रवाना

 | 
असम चुनाव: हाफलोंग विधानसभा के दूरस्थ पोलिंग बूथों के लिए मतदान कर्मी रवाना


हाफलोंग (असम), 07 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के लिए अब महज दो दिन शेष रह गए हैं। राज्य में 9 अप्रैल को एक ही चरण में सभी 126 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

आमतौर पर मतदान कर्मी चुनाव से एक दिन पहले चुनाव सामग्री के साथ अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना होते हैं, लेकिन दुर्गम क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए इस बार कुछ स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई है।

आदिवासी आरक्षित 113 हाफलोंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दूर-दराज के इलाकों के लिए मतदान कर्मियों को मंगलवार को ही रवाना कर दिया गया।

डिमा हसाओ जिले के जिला चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, जिनम वैली पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने के लिए हाफलोंग से सिलचर और फिर हरिनगर होते हुए लंबा सफर तय करना पड़ता है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण मतदान कर्मियों को समय से पहले भेजा गया है, ताकि वे सुरक्षित और समय पर अपने निर्धारित केंद्रों तक पहुंच सकें।

इन कर्मियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और अन्य जरूरी चुनावी सामग्री के साथ रवाना किया गया है।

चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, शेष पोलिंग स्टेशनों के लिए मतदान कर्मी 8 अप्रैल को अपने-अपने केंद्रों के लिए प्रस्थान करेंगे। चुनाव आयोग द्वारा सभी व्यवस्थाओं को लेकर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय