असम चुनाव 26: रविवार को होगा ईवीएम और वीवीपैट का दूसरा रैंडमाइजेशन
गुवाहाटी, 28 मार्च (हि.स.)। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) यूनिट्स का दूसरा रैंडमाइजेशन जो किसी विधानसभा क्षेत्र में उपलब्ध ईवीएम को मतदान केंद्रों (पोलिंग स्टेशन) में आवंटित करने से संबंधित है- 29 मार्च को सुबह 9:00 बजे से जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में किया जाएगा।
यह प्रक्रिया सभी 126 विधानसभा क्षेत्रों के लिए, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों/उनके प्रतिनिधियों और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में पूरी की जाएगी।
दूसरा रैंडमाइजेशन रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित ईवीएम प्रबंधन प्रणाली (ईएमएस) सॉफ्टवेयर का उपयोग करके किया जाएगा, जिससे मतदान केंद्रों को ईवीएम और वीवी पैट का यादृच्छिक (रेंडम) आवंटन सुनिश्चित हो सके।
उल्लेखनीय है कि जिलों में किए गए पूरक रैंडमाइजेशन के बाद, चुनाव के लिए तैनात की जाने वाली मशीनों की संख्या में कुछ हद तक वृद्धि हुई है। तदनुसार, कुल 41,353 बैलेट यूनिट (बीयू), 45,572 कंट्रोल यूनिट (सीयू), और 44,761 वीवी पैट का रैंडमाइजेशन 31,490 मतदान केंद्रों के लिए किया जाएगा, जिसमें 4 सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं।
मतदान केंद्र-वार आवंटित ईवीएम और वीवी पैट की सूची, साथ ही आरक्षित मशीनों का विवरण, चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों के साथ साझा किया जाएगा। यह प्रक्रिया चुनावों के संचालन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करती है। मतदान के दिन संबंधित मतदान केंद्रों पर केवल उन्हीं ईवीएम और वीवी पैट का उपयोग किया जाएगा, जो इस रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से आवंटित की गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

