आज समाप्त होगा 16वें असम विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान
गुवाहाटी, 07 अप्रैल (हि.स.)। आसन्न 16वीं असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा। चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दल और उम्मीदवार व्यापक प्रचार अभियान चला रहे हैं। मंगलवार को चुनाव प्रचार अभियान का अंतिम दिन है। आगामी गुरुवार 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के अवसर पर निर्धारित आचरण नियमों के अनुसार मंगलवार को शाम 5 बजे प्रचार अभियान का समापन किया जाएगा। आज से कोई भी औपचारिक रूप से प्रचार अभियान नहीं चला सकता। इस बीच चुनाव प्रचार अभियान के अंतिम दिन सुबह से ही राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का माहौल उत्साहित हो गया है।
उल्लेखनीय है कि 16वीं असम विधानसभा चुनाव के लिए शासक और विपक्ष दोनों ही मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए जोरदार प्रचार अभियान चला रहे हैं। दिन-रात यह प्रचार अभियान जारी है। इस संदर्भ में, सत्ताधारी पार्टी भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए व्यापक प्रचार चला रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए जोरदार प्रचार कर भाजपा की रणनीतियों को लोगों के सामने साझा किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को बरपेटा, होजाई और डिब्रूगढ़ समेत तीन सार्वजनिक सभाओं में हिस्सा लिया। ज्ञात हो कि नरेन्द्र मोदी पहले ही 1 अप्रैल को असम आकर चुनावी प्रचार में भाग ले चुके हैं। प्रधानमंत्री ने धेमाजी के गोगामुख और बिश्वनाथ के बिहाली में आयोजित दो चुनावी जनसभाओं में भाग लेकर दल के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया।
इसी तरह कांग्रेस पार्टी के लिए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने व्यापक प्रचार अभियान चलाया। इसी तरह अल्पसंख्यक वोटरों को एकजुट रखने के लिए असम में एआईएमआईएम पार्टी के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी चुनावी प्रचार चलाकर वोटरों को आकर्षित किया।
चुनाव प्रचार अभियान के बीच रविवार से असम की राजनीति में दो नाम सबसे अधिक चर्चित हो गए हैं। ये दोनों हैं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा। पवन खेड़ा ने मीडिया में रिनिकी भुइयां शर्मा के कई पासपोर्ट की जानकारी उजागर करने के बाद विवाद पैदा किया।
उल्लेखनीय है कि 16वीं असम विधानसभा के लिए 722 उम्मीदवार चुनाव में भाग ले रहे हैं। इनमें पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 663 है और महिला उम्मीदवारों की संख्या 59 है। दल के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी ने 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
इसी प्रकार आम आदमी पार्टी ने 18 सीटें, सीपीआई (एम) ने 2 सीटें, असम गण परिषद ने 26 सीटें, एआईयूडीएफ ने 30 सीटें, बीपीएफ ने 11 सीटें, यूपीपीएल ने 18 सीटें, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने 2 सीटें, ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने 22 सीटें, अपना जनता पार्टी ने 2 सीटें, असम राष्ट्रीय परिषद ने 10 सीटें, भारतीय जनता परिषद ने 4 सीटें, सीपीआई ने 3 सीटें, सीपीआई (एमएल) ने 3 सीटें, जन सुरक्षा पार्टी ने 10 सीटें, गोंडवाना लोकतांत्रिक पार्टी ने 3 सीटें, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 16 सीटें, नेशनल पीपल्स पार्टी ने 2 सीटें, राइजर दल ने 13 सीटें, राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल ने 10 सीटें, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) ने 4 सीटें, रिवोल्यूशनरी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (रसिक भट्ट) ने 1 सीट, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) ने 41 सीटें, द नेशनल रोड मैप पार्टी ऑफ इंडिया ने 2 सीटें, विकास इंडिया पार्टी ने 5 सीटें और वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल 17 सीटों पर चुनाव लड़ रहे है। 16वीं असम विधानसभा के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि असम की 126 विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 50 लाख 21 हजार 413 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 25 लाख 16 हजार 591 है, महिला मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 25 लाख 4 हजार 501 है और तीसरे लिंग के मतदाता 321 हैं।
इसके अलावा, असम के मतदाता सूची में नए तरीके से 1 लाख 64 हजार 48 लोगों को शामिल किया गया है और 1 लाख 774 लोगों का नाम हटाया गया है। दूसरी ओर, असम में 18-19 वर्ष आयु के मतदाताओं की संख्या 6 लाख 28 हजार 93 है, 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता 1 लाख 2 हजार 472 हैं और 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 2 हजार 482 है। इसके अतिरिक्त, राज्य का सबसे अधिक मतदाता वाला विधानसभा क्षेत्र दलगांव है। यहां 3 लाख 17 हजार 110 मतदाता हैं। इसके विपरीत, असम का सबसे कम मतदाता वाला विधानसभा क्षेत्र आमरी है। यहां 1 लाख 494 मतदाता हैं। इसके लिए असम में विधानसभा चुनाव के मतदान के दिन कुल 31 हजार 486 मतदान केंद्रों पर मतदाता मतदान करके आने वाले पांच वर्षों के लिए अपने जनप्रतिनिधि का चुनाव करेंगे।
ज्ञात हो कि 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन 76 सीटें जीती थीं। इनमें भाजपा ने 60, असम गण परिषद ने 9 और यूपीपीएल ने 6 सीटें व एक अन्य ने जीती थीं। दूसरी ओर कांग्रेस नेतृत्व वाले महागठबंधन 49 सीटें जीती थीं। इनमें कांग्रेस ने 29, एआईयूडीएफ ने 16 और सीपीआई(एम) ने 1 सीट और 4 सीटें निर्दलीय समेत अन्य ने जीती थीं।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

