home page

असम में शांति और उत्साह के साथ मनाई जा रही ईद-उल-जुहा

 | 
असम में शांति और उत्साह के साथ मनाई जा रही ईद-उल-जुहा


गुवाहाटी, 28 मई (हि.स.)। देशभर के साथ-साथ असम में भी गुरुवार काे पवित्र ईद-उल-जुहा धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के वातावरण में मनाई जा रही है। हिजरी कैलेंडर के अनुसार, जिल्हज्ज माह की 10वीं तारीख को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में विशेष उत्साह देखा गया।

केंद्रीय हिलाल कमेटी द्वारा ईद की घोषणा किए जाने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में ईद-उल-जुहा का आयोजन किया गया। सुबह से ही ईदगाह मैदानों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सामूहिक नमाज के दौरान लोगों ने देश में शांति, समृद्धि और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

ईद-उल-जुहा, जिसे ईद-उल-अज़हा, बकरीद और क़ुरबानी ईद के नाम से भी जाना जाता है, इस्लाम धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है। ‘ईद-उल-जुहा’ का अर्थ त्याग का पर्व होता है। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग अपनी श्रद्धा और क्षमता के अनुसार धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए कुरबानी देते हैं।

ईद को लेकर राज्यभर में उल्लासपूर्ण वातावरण देखने को मिला। मस्जिदों और ईदगाहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पर्व के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

यह पर्व त्याग, समर्पण, प्रेम और मानवता का संदेश देता है तथा समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करता है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय