असम में शिक्षा क्षेत्र को मिलेगा नया बल, 80 हजार शिक्षक पदों पर होगी नियुक्ति : शिक्षा मंत्री
गुवाहाटी, 11 जून, (हि.स.)। असम सरकार शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़े पैमाने पर शिक्षक नियुक्तियों और शैक्षिक सुधारों की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. रणोज पेगू ने गुरुवार को अपने कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में उच्च शिक्षा एवं स्कूली शिक्षा विभाग के बजट प्रस्तावों की समीक्षा की। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और निदेशकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में लगभग 80 हजार शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई सरकार कुल दो लाख पदों पर रोजगार प्रदान करने की योजना बना रही है, जिनमें लगभग 40 प्रतिशत पद शिक्षकों के होंगे।
समीक्षा बैठक में शिक्षा क्षेत्र की प्रमुख प्राथमिकताओं, चल रही योजनाओं तथा शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया।
छात्रों पर बढ़ते शैक्षणिक बोझ को कम करने के उद्देश्य से मंत्री ने कहा कि स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को अब अतिरिक्त पाठ्यपुस्तकें ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों को केवल दैनिक पाठ्यक्रम में शामिल आवश्यक पुस्तकें और अध्ययन सामग्री ही साथ ले जानी चाहिए।
रणोज पेगू ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्याप्त शिक्षक उपलब्धता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा आने वाले समय में शिक्षा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

