राहुल गांधी नीट पेपर लीक मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं : डॉ. रणोज पेगू
गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। असम के शिक्षा मंत्री डॉ. रणोज पेगू ने गुरुवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नीट पेपर लीक मामले को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं और छात्रों की चिंताओं को कांग्रेस की राजनीति का माध्यम बना रहे हैं।
असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आज संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. पेगू ने कहा कि नीट पेपर लीक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की स्थापना की घोषणा की है, जो छात्रों के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डॉ. पेगू ने आरोप लगाया कि भाजपा और एनडीए इस मुद्दे पर संसद में व्यापक चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस रचनात्मक बहस से बचते हुए संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की समस्या का समाधान राजनीतिकरण से नहीं, बल्कि संस्थागत सुधारों और सभी पक्षों के सहयोग से संभव है।
उन्होंने राहुल गांधी से यह भी सवाल किया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन शासित राज्यों—जम्मू-कश्मीर, झारखंड, तमिलनाडु, पंजाब, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश—में कथित पेपर लीक की घटनाओं पर वे मौन क्यों रहे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में राजस्थान में कई चर्चित पेपर लीक मामले सामने आए थे।
डॉ. पेगू ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर राहुल गांधी के हालिया प्रदर्शन की भी आलोचना करते हुए इसे अनुचित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और वामपंथी दल छात्रों को राजनीतिक लाभ के लिए ढाल बना रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा आईआईटी, आईआईएम, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की संख्या के साथ-साथ विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों का भी विस्तार किया गया है, जो छात्रों के हित में महत्वपूर्ण कदम हैं।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा असम प्रदेश के महासचिव दिप्लू रंजन शर्मा और अनुप बर्मन, मुख्य प्रवक्ता किशोर उपाध्याय तथा प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक रूपम गोस्वामी भी उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

