राज्य चुनाव आयुक्त ने की एमएसी और एसकेएसी चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने की अपील
-30 नवंबर को एमएसी और एसकेएसी के चुनाव में 7.46 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, मैदान में 291 उम्मीदवार
गुवाहाटी, 29 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्य चुनाव आयुक्त रंजन शर्मा ने मतदाताओं से 30 नवंबर को होने वाले मिसिंग स्वायत्त परिषद (एमएसी) और सोनोवाल कचारी स्वायत्त परिषद (एसकेएसी) के चुनावों में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
रविवार को राज्य चुनाव आयुक्त ने जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र में मतदान महत्वपूर्ण अधिकार होने के साथ-साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है तथा लोगों की आकांक्षाओं और विचारों को सामने लाने में मदद करती है। उन्होंने मतदाताओं से चुनाव के दिन अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग करने और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
राज्य चुनाव आयुक्त ने सभी मतदाताओं, राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और अन्य हितधारकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और उत्सवपूर्ण माहौल में संपन्न होने चाहिए। लोकतंत्र की ताकत लोगों की भागीदारी में निहित है। उन्होंने मतदाताओं से 30 नवंबर को मतदान कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का आह्वान किया।
291 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला
एमएसी और एसकेएसी के चुनावों के लिए प्रचार शनिवार शाम चार बजे समाप्त हो गया। दोनों परिषदों के लिए मतदान 30 नवंबर को होगा। राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना तीन नवंबर को जारी की थी।
मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनाव में कुल 172 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस परिषद के चुनाव में 5,94,052 मतदाता 989 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, सोनोवाल कचारी स्वायत्त परिषद चुनाव में 119 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 1,52,250 मतदाताओं के लिए 310 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दोनों परिषदों के चुनाव में कुल 291 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 7,46,302 मतदाता करेंगे। मतदान के लिए कुल 1,299 केंद्र बनाए गए हैं।
असम राज्य चुनाव आयोग ने दोनों परिषदों के चुनाव सुचारू, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर कुल 5,196 पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 45 चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

