home page

असम के 11 जिलों में 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक रहेगा ड्राई डे

 | 

-मिसिंग और सोनोवाल कचारी स्वायत्त परिषद चुनाव के मद्देनजर आबकारी विभाग का आदेश-शराब की बिक्री, वितरण और सेवन पर रहेगा प्रतिबंध

गुवाहाटी, 10 नवंबर (हि.स.)। मिसिंग स्वायत्त परिषद और सोनोवाल कचारी स्वायत्त परिषद के 2026 के आम चुनावों के को द्खते हुए असम सरकार ने राज्य के 11 जिलों में ड्राई डे घोषित किया है। आबकारी विभाग ने इस अवधि में शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री, वितरण तथा सेवन पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।

असम सरकार के आबकारी विभाग के आयुक्त एवं सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135सी और असम आबकारी नियम, 2016 के नियम 326(ए) के तहत मतदान से 48 घंटे पहले यानी 28 नवंबर से मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक शराब की बिक्री, वितरण और सेवन पर रोक रहेगी।

आदेश के मुताबिक, 30 नवंबर को मतदान के दिन, पुनर्मतदान की स्थिति में एक दिसंबर और मतगणना के दिन तीन दिसंबर को भी ड्राई डे रहेगा। ये प्रतिबंध मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेंगे।

यह आदेश बिश्वनाथ, चराईदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, जोरहाट, लखीमपुर, माजुली, शिवसागर, शोणितपुर और तिनसुकिया जिलों में प्रभावी होगा।

प्रतिबंध की अवधि में शराब के सभी थोक गोदाम, भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) की खुदरा दुकानें, क्लबों और होटलों से जुड़ी शराब की दुकानें तथा देशी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। किसी भी व्यक्ति या समूह को नशीले पदार्थ अपने पास रखने, बेचने, वितरित करने या आपूर्ति करने की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध होटल, रेस्तरां, शराब की दुकानों और अन्य सार्वजनिक तथा निजी परिसरों पर भी लागू होगा।

आदेश में निजी तौर पर शराब रखने और उसका भंडारण करने पर भी रोक लगाई गई है। अनधिकृत परिसरों में शराब रखे जाने पर आबकारी अधिनियम और नियमों के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ असम आबकारी अधिनियम एवं नियमों के साथ-साथ जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135सी के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय