home page

(अपडेट) श्रीरामपुर में दो करोड़ रुपये के ड्रग्स जब्त, एक गिरफ्तार

 | 
(अपडेट) श्रीरामपुर में दो करोड़ रुपये के ड्रग्स जब्त, एक गिरफ्तार


कोकराझार (असम), 19 अप्रैल (हि.स.)। कोकराझार जिलांतर्गत श्रीरामपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ एक वाहन को जब्त किया है। इस अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित रूप से ड्रग्स की तस्करी में संलिप्त था।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि उप-मंडल पुलिस अधिकारी मोंटूराम बोरा और शिमुलटापू पुलिस चौकी के अधिकारी संजीव हैंडिक के नेतृत्व में बीती रात संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान गुजरात पंजीकरण संख्या जीजे-01एचडब्ल्यू-6169 वाली मारुति कार के ईंधन टैंक से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। यह वाहन सिलचर से गुवाहाटी होते हुए राजस्थान की ओर जा रही थी।

पुलिस ने मौके से वाहन चालक और तस्कर के रूप में पहचान किए गए राजस्थान के जोधपुर निवासी कृष्णराम प्रजापत को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त किए गए ड्रग्स की बाजार कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा