सड़क सुरक्षा नियमों में निष्पक्षता की मांग, सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने का आग्रह
- असम राज्यिक चालक संस्था ने उठाईं छह प्रमुख मांगें
गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। असम राज्यिक चालक संस्था ने राज्य सरकार से सड़क सुरक्षा के नाम पर केवल चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने के बजाय पूरे परिवहन तंत्र की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। काजीरंगा के रंगाजान में हुए भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद सरकार द्वारा घोषित नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और 12 सूत्रीय कार्ययोजना पर संस्था ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
एक बयान में आज संस्था ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। संस्था ने कहा कि सड़क सुरक्षा सरकार, प्रशासन, परिवहन विभाग, वाहन मालिकों और चालकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। खराब सड़कों, पर्याप्त संकेतकों की कमी और परिवहन विभाग में कथित भ्रष्टाचार के लिए भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
संस्था ने छह प्रमुख मांगें रखते हुए पारदर्शी परिवहन व्यवस्था, ईंधन और परिचालन लागत के अनुरूप उचित किराया, ऑनलाइन एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी पर नियंत्रण तथा चालकों के लिए स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा की मांग की है। साथ ही नई एसओपी लागू करने से पहले चालक और वाहन मालिकों के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श करने का आग्रह किया है।
संस्था ने स्पष्ट किया कि वह सड़क सुरक्षा नियमों के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्यायपूर्ण व्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ है। संस्था ने सरकार से चालकों की आजीविका, आर्थिक सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करते हुए परिवहन क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने की अपील की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

