असम में 2027 की मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित, मतदाताओं की संख्या में 2.18 लाख की वृद्धि
गुवाहाटी, 12 नवंबर (हि.स.)। असम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत फोटोयुक्त मतदाता सूची का मसौदा गुरुवार को राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रकाशित कर दिया गया। इस पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी, 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है।
मसौदा मतदाता सूची के अनुसार, असम में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 2,51,76,910 हो गई है। इनमें 1,25,87,650 पुरुष, 1,25,88,939 महिलाएं और 321 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
इससे पहले 10 फरवरी, 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 2,49,58,139 मतदाता दर्ज थे। निरंतर पुनरीक्षण की अवधि के दौरान 4,12,344 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 1,93,573 नाम हटाए गए। इस प्रकार मतदाताओं की कुल संख्या में 2,18,771 की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई।
मसौदा सूची में 2,05,962 दिव्यांग मतदाता, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,87,233 युवा मतदाता तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,198 मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा सूची में 63,237 सेवा मतदाता और छह प्रवासी मतदाता भी दर्ज हैं।
राज्य में कुल 31,516 मतदान केंद्र हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 799 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रों में 51-धालगांव में सर्वाधिक 3,25,746 मतदाता हैं, जबकि 112-अमरी (एसटी) में सबसे कम 1,01,509 मतदाता दर्ज किए गए हैं। मतदान केंद्रों की संख्या के लिहाज से 11-मानकाचर 402 केंद्रों के साथ शीर्ष पर है, जबकि 2-दोतमा (एसटी) में सबसे कम 147 मतदान केंद्र हैं।
मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी।
निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से मसौदा सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने की अपील की है। नाम जोड़ने, हटाने अथवा विवरण में सुधार के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं।
निर्वाचन सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी, 2027 को निर्धारित किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, असम के कार्यालय ने राजनीतिक दलों, विभिन्न हितधारकों और मतदाताओं से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है, ताकि सटीक, समावेशी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

