असम में दीपावली और काली पूजा की धूम, धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया पर्व
गुवाहाटी, 08 नवंबर (हि.स.)। असम में रविवार को दीपावली और काली पूजा पूरे उत्साह एवं पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। राज्यभर में त्योहार की धूम देखने को मिली। लोगों ने अपने घरों को दीयों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया तथा एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में काली पूजा के अवसर पर आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। मंदिरों और पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं ने मां काली की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी उत्सव का माहौल रहा। लोगों ने मिठाइयों, सजावटी सामानों और पूजा सामग्री की खरीदारी की। घरों के प्रवेश द्वार पर रंगोली बनाई गई और शाम होते ही दीपों तथा बिजली की रंग-बिरंगी लड़ियों से पूरा वातावरण जगमगा उठा।
बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। परिवारों ने एक साथ मिलकर दीपावली मनाई और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं।
इस बीच, लोगों से सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से दीपावली मनाने तथा पटाखों के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की अपील की गई।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

