पशुपालन सेवाओं को मजबूत करने के लिए असम में मैत्रियों को कृत्रिम गर्भाधान उपकरण वितरित
| Aug 11, 2026, 19:05 IST
गुवाहाटी, 11 अगस्त (हि.स.)। असम की पशुपालन एवं पशु चिकित्सा मंत्री नीलिमा देवी ने मंगलवार को खानापारा स्थित क्षेत्रीय कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में पांच लाभार्थियों को प्रमाणपत्र तथा मैत्रियों को कृत्रिम गर्भाधान (एआई) संबंधी उपकरण वितरित किए।
इस पहल का उद्देश्य मैत्रियों को आवश्यक संसाधनों से सशक्त बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को उनके घर तक कृत्रिम गर्भाधान सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे राज्य में पशुओं के प्रजनन, उत्पादकता तथा पशु चिकित्सा सेवाओं की पहुंच में सुधार होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव कैलाश चंद्र चमरिया और निदेशक डॉ. जयंत कुमार गोस्वामी भी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

