असम के दीमा हसाओ में यात्री वैन 200 फीट नीचे गिरी, तीन लोगों की मौत, चार अन्य घायल
दीमा हसाओ (असम), 08 मार्च (हि.स.)। असम के दीमा हसाओ जिले के पहाड़ी इलाके में हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब एक यात्री वैन सड़क से नीचे करीब 200 फीट गहरी ढलान में पलट गई।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे हफलोंग पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत बोड़ो हफलोंग इलाके में न्यू हफलोंग अप्रोच रोड पर हुई। बताया गया है कि वैन चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वैन में सवार सभी लोग हफलोंग के साप्ताहिक बाजार से लौट रहे थे। वे सब्जी बेचने का काम करते थे और हफलोंग से लुमडिंग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान न्यू हफलोंग स्टेशन रोड के पास यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को निकालकर इलाज के लिए हफलोंग सिविल अस्पताल पहुंचाया।
इस दुर्घटना में मृतकों की पहचान ड्राइवर और लंगटिंग हसीन निवासी मंजय गुरुंग, लंगटिंग कालीबाड़ी की बिमला तथा लंगटिंग कालीबाड़ी के ही लंबू नार्ज़ारी के रूप में हुई है।
वहीं चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान दाउतोहाजार के सुमित मंडल (17), लंगटिंग के अनिमोय चकमा (40), माइबांग की सुलमिता बाथरी (30) और लंगटिंग कालीबाड़ी की सुनीला बसुमतारी (60) के रूप में हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है और सभी का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

