राहुल गांधी के ‘सीधे निर्देश’ पर एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन : दिलीप सैकिया
गुवाहाटी, 21 फरवरी, (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस द्वारा किया गया विरोध प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के “सीधे निर्देश” पर हुआ।
शनिवार को गुवाहाटी में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने समिट में कथित “शर्टलेस प्रदर्शन” की कड़ी निंदा की और इसे देश के लिए “वैश्विक शर्मिंदगी” बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना राष्ट्रीय स्तर पर शर्मनाक है और इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को ठेस पहुंची है। दिलीप सैकिया ने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने इस पूरे मामले की गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के युवा मोर्चा राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करेंगे, ताकि कांग्रेस का “वास्तविक चेहरा” जनता के सामने लाया जा सके।
वहीं, इस आरोप को लेकर अब तक युवा कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

