असम में डिजिटल हुई पेंशन प्रक्रिया, 11,047 से अधिक कर्मचारी लाभान्वित
गुवाहाटी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए पेंशन प्रणाली को डिजिटल और स्वचालित कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति से 12 महीने पहले ही पेंशन प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसके लिए किसी मैनुअल आवेदन की आवश्यकता नहीं है। साथ ही, सेवा अभिलेखों से संबंधित जानकारी देने के लिए कर्मचारियों को गुवाहाटी जाने की भी जरूरत नहीं पड़ती है।
डिजिटल सत्यापन और सुरक्षित तकनीक के माध्यम से पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके तहत पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) सीधे कर्मचारियों के डिजिलॉकर खाते में भेजने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक 11,047 से अधिक सरकारी कर्मचारी इस व्यवस्था से लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें से 3,970 से अधिक कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के अंतिम दिन से पहले ही पेंशन भुगतान आदेश मिल चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सरकारी सेवाओं के प्रत्येक स्तर पर तकनीक का उपयोग कर पारदर्शिता, कार्यकुशलता और आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

