home page

असम के डिब्रूगढ़ में मोबाइल गेमिंग की लत बनी त्रासदी, 10वीं के छात्र ने की आत्महत्या

 | 
असम के डिब्रूगढ़ में मोबाइल गेमिंग की लत बनी त्रासदी, 10वीं के छात्र ने की आत्महत्या


डिब्रूगढ़ (असम), 17 मार्च (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है। मोरान क्षेत्र के खोवांग अंतर्गत बहोनी पाथर गांव में 10वीं कक्षा के छात्र उत्तल गोगोई ने कथित तौर पर परिवार की जमा-पूंजी ऑनलाइन गेमिंग में गंवाने के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस के अनुसार, छात्र बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था और पढ़ाई में काफी होनहार था। परिजनों ने बताया कि आर्थिक तंगी के बावजूद उसकी पढ़ाई के लिए उसे मोबाइल फोन उपलब्ध कराया गया था, लेकिन उसने कथित तौर पर उसी फोन का इस्तेमाल बिना जानकारी के ऑनलाइन गेम खेलने में करना शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, छात्र पहले भी दो बार अपनी मां के बैंक खाते से पैसे निकालकर गेमिंग में खर्च कर चुका था। परिवार द्वारा समझाने और चेतावनी देने के बावजूद उसने यह आदत जारी रखी।

बताया जा रहा है कि इस बार उसने अरुणोदय योजना के तहत मिले लगभग 9 हजार रुपये भी खर्च कर दिए। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए असम सरकार द्वारा चलाई जाती है। जब उसके माता-पिता जरूरी खर्च के लिए बैंक पहुंचे, तब उन्हें खाते में पैसे नहीं मिलने पर घटना की जानकारी हुई।

इस बात से घबराकर छात्र ने कथित तौर पर घर के अंदर आत्मघाती कदम उठाया। बताया जा रहा है कि उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

वास्तव में यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुष्प्रभावों को समय रहते समझना और रोकथाम के उपाय करना बेहद आवश्यक है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय