home page

डिब्रूगढ़ को दूसरी राजधानी बनाने काे 500 करोड़ के विशेष पैकेज का भाजपा ने किया स्वागत

 | 

गुवाहाटी, 06 जून, (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार के उस निर्णय का स्वागत किया है, जिसके तहत डिब्रूगढ़ को राज्य की दूसरी राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पार्टी ने इसे मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की दूरदर्शी सोच और राज्य के संतुलित विकास की रणनीति का हिस्सा बताया है।

प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता मानस शरणिया ने जारी बयान में कहा कि एनडीए 3.0 मंत्रिपरिषद के विस्तार के बाद हुई कैबिनेट बैठक में डिब्रूगढ़ को दूसरी राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए स्टेट कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी–डिब्रूगढ़ (एससीआरडीए) के गठन को मंजूरी दी गई है।इस निर्णय के तहत डिब्रूगढ़ राजधानी क्षेत्र के 20 किलोमीटर के दायरे में बुनियादी ढांचे के विकास और विभिन्न परियोजनाओं के लिए अगले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये का विशेष कोष उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। डिब्रूगढ़ को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर ऊपरी असम के लोगों को प्रशासनिक सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे लोगों को गुवाहाटी तक आने-जाने में लगने वाले समय और अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी।

भाजपा ने डिब्रूगढ़ के विधायक तथा पूर्व मंत्री प्रशांत फूकन को स्टेट कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भी शुभकामनाएं दी हैं। बयान में कहा गया है कि अनुभवी विधायक प्रशांत फूकन को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना उनके अनुभव और योगदान का सम्मान है। भाजपा ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में डिब्रूगढ़ का तेजी से विकास होगा।

बयान में यह भी कहा गया कि राज्य मंत्रिमंडल ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के समान विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायकों की स्थानीय क्षेत्र विकास निधि को वर्ष 2026-27 से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष करने तथा 2027-28 से इसे 2 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष तक बढ़ाने के निर्णय का पार्टी ने स्वागत किया है।

प्रदेश भाजपा ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदोन्नति संबंधी निर्णयों का भी स्वागत करते हुए इसे जनकल्याणकारी कदम बताया है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश