डिब्रूगढ़ में टेंगाखात ओसीएस में लगी आग, एक लापता और कई घायल
डिब्रूगढ़ (असम), 06 नवंबर (हि.स.)। डिब्रूगढ़ जिलांतर्गत टेंगाखात में शुक्रवार की सुबह 'ऑयल इंडिया लिमिटेड' (ऑयल) के परिसर में एक विस्फोट के बाद ऑयल कलेक्टिंग स्टेशन (ओसीएस) के इंटरमीडिएट टैंक फ्राम (आईटीएफ) में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में एक व्यक्ति के लापता होने और कई अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बताया जा रहा है कि लापता व्यक्ति की संभवतः मौत हो गयी होगी, क्योंकि विस्फोट के बाद वह उड़ गया। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस संबंध में कोई सूचना सामने नहीं आई है।
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना ऑयल केंद्र के कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) भंडारण क्षेत्र में हुई। घायल हुए पांच कर्मचारियों में मुख्य रूप से टेंगाखात के सैलेन गोगोई (45), डिब्रूगढ़ के मिलन नगर के तापस गोगोई (40), टेंगाखात के कुमुद गोगोई (38), टेंगाखात के गोलाप दत्ता (58) और टेंगाखात के ही इंद्र गोगोई (40) शामिल हैं। बताया गया है कि दो और व्यक्ति भी घायल हुए हैं, हालांकि, दोनों के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घायलों को इलाज के लिए डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमसीएच) में भर्ती कराया गया है। इस बीच, शुरुआती जानकारी के मुताबिक, राजू दत्ता नाम का एक व्यक्ति अभी भी लापता है। बताया जा रहा है कि विस्फोट की तीव्रता के कारण वह दूर जा गिरा था। घायल कर्मचारी 'स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड' के लिए काम कर रहे थे। यह मुंबई की एक कंपनी है जिसे 'ऑयल इंडिया लिमिटेड' ने काम पर रखा था।
दमकल और आपातकालीन सेवाओं के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। अंतिम सूचना मिलने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था। घटना में कई अन्य लोगों के भी घायल होने की खबर है। विस्फोट के कारणों और घायलों की स्थिति के बारे में अभी और जानकारी आनी बाकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

