सांसद अमृतपाल सिंह अमृतसर से लौटे डिब्रूगढ़ जेल
डिब्रूगढ़ (असम), 22 नवंबर (हि.स.)। खडूर साहिब से कट्टरपंथी व खालिस्तानी मुखिया सांसद अमृतपाल सिंह 21 नवंबर को अमृतसर में अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद, रविवार काे असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल वापस लाए गए। पंजाब पुलिस की पांच सदस्यीय टीम अमृतपाल को लेकर हवाई मार्ग से डिब्रूगढ़ पहुंची थी।
दिल्ली से यात्रा करके डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे पहुंचने के बाद, उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच वापस जेल ले जाया गया, जहां वे फिलहाल बंद हैं। वे राज्य सरकार द्वारा लगाई गई सख्त शर्तों के साथ, 'कस्टडी पैरोल' (हिरासत में रहते हुए पैरोल) पर अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए उन्हें भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उनके घर ले जाया गया था।
अमृतपाल सिंह के वकील, करमवीर सिंह पन्नू ने बताया कि कस्टडी पैरोल के दौरान लगाई गई शर्तों के तहत उन्हें मीडिया या जनता से बात करने की मनाही थी। उन्होंने इन पाबंदियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये एक सांसद के तौर पर अमृतपाल सिंह के संवैधानिक अधिकारों को दबाने जैसा है।
इस बीच, उनके दौरे के दौरान अमृतसर पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम किए थे। अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि अदालत के निर्देशों, पैरोल की शर्तों और स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में मोगा के रोडे गांव से गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी 23 फरवरी की एक घटना के बाद हुई थी, जिसमें अमृतपाल और उनके समर्थकों ने कथित तौर पर अजनाला पुलिस स्टेशन पर धावा बोल दिया था। उनका मकसद अपने एक साथी को छुड़ाना था, जिसे भड़काऊ और खालिस्तान-समर्थक बयान देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत उनकी हिरासत को दो बार अप्रैल, 2024 और अप्रैल, 2025 में बढ़ाया जा चुका है। हिरासत की अवधि बढ़ाए जाने के बाद, अमृतपाल सिंह ने अपनी हिरासत को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

