असम के धेमाजी में बाढ़ का कहर, 70 से अधिक गांव जलमग्न
धेमाजी (असम), 29 जून (हि.स.)। असम के धेमाजी जिले में बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है। 70 से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं, जबकि 16 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित होकर कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। बाढ़ के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।
सोमवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बाढ़ की गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य सरकार के मंत्री सुशांत बरगोहाईं और केशव महंत धेमाजी के लिए रवाना हो गए हैं। दोनों मंत्री राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे।
वहीं, जोनाई क्षेत्र में चिले नदी ने भी विनाशकारी रूप धारण कर लिया है। नदी के बढ़ते जलस्तर से 10 से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ के तेज बहाव से मालभोग गाइड बांध भी टूट गया है।
बाढ़ के पानी से सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि डूब गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने में जुटा हुआ है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

