धेमाजी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे शिक्षा मंत्री, सड़क-तटबंध निर्माण का दिया आश्वासन
धेमाजी (असम), 25 जून (हि.स.)। असम सरकार के शिक्षा मंत्री तथा स्थानीय विधायक डॉ. रणोज पेगू ने धेमाजी जिले के धेमाजी राजस्व चक्र अंतर्गत जयरामपुर गांव पंचायत के धर्मपुर क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ एवं कटाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर राहत एवं पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मंत्री ने सबसे पहले लालुकीजान धर्मपुर बोड़ो प्राथमिक विद्यालय में स्थापित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में रह रहे अंजली चापोरी क्षेत्र के प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त शुद्ध पेयजल, खाद्य सामग्री, कीटाणुनाशक पाउडर, टिन के चदरे, दवाइयां तथा अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि, जियाढल नदी की एक धारा धर्मपुर क्षेत्र की ओर बढ़ने से वहां गंभीर कटाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद मंत्री ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि चालू वित्तीय वर्ष में नदी की धारा का अध्ययन कर कटाव रोधी कार्यों के साथ-साथ तटबंध एवं सड़क निर्माण की व्यवस्था की जाएगी।
इसके बाद डॉ. पेगू ने कलबारी क्षेत्र के कटाव प्रभावित इलाकों का भी दौरा किया और वीबी-जी-राम-जी योजना के तहत तटबंध तथा कलवर्ट निर्माण के लिए जिला आयुक्त को आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री ने धेमाजी और उत्तर लखीमपुर जिलों के जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को संयुक्त बैठक आयोजित कर दोनों जिलों की बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान हेतु समन्वित कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी भी सौंपी।
इसी क्रम में उन्होंने लोटाक गांव पंचायत के रतवा, नंबर-1 नपाम, बरदई बागान सहित कई अन्य क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ एवं कटाव की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ धेमाजी के जिला आयुक्त राहुल सुरेश जेवीर, जल संसाधन विभाग के अधिकारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

