असम के देरगांव में पालतू हाथी के हमले में महावत की मौत, इलाके में दहशत
गोलाघाट (असम), 28 मई (हि.स.)। असम के गोलाघाट जिले के देरगांव क्षेत्र में एक पालतू हाथी के हमले में एक महावत की मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, देरगांव के मलाई कुमार गांव से रामप्रसाद नामक हाथी को उसका महावत लेकर जा रहा था। उसी रास्ते में शिव मंदिर के पास एक अन्य पालतू हाथी, प्रशांत, पहले से बांस की पत्तियां खा रहा था। इसी दौरान दोनों हाथियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
बताया जाता है कि रामप्रसाद हाथी अचानक आक्रामक हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशांत हाथी का महावत बीच में आया, लेकिन तभी रामप्रसाद ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महावत की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद रामप्रसाद हाथी मौके से भाग निकला। बाद में उसके महावत ने पीछा कर उसे बंगालगांव के एक निर्जन इलाके में काबू में किया और जंजीरों से बांध दिया।
सूचना मिलने पर देरगांव पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रामप्रसाद हाथी पहले भी आक्रामक हो चुका है और लगभग एक साल पहले उसने अपने मालिक पर भी हमला किया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

