home page

जोरहाट से लंबी दूरी की रेल सेवा शुरू करने की रेल सेवा सुरक्षा समिति ने उठाई मांग

 | 

जोरहाट (असम), 28 अक्टूबर (हि.स.)। रेल सेवा सुरक्षा समिति ने जोरहाट से लंबी दूरी की रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम आज एक ज्ञापन सौंपा। इसमें डिब्रूगढ़ से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों को मरियानी से जोरहाट के रास्ते चलाने की मांग की गई है।

समिति के अध्यक्ष श्रीप्रकाश बरुवा एवं महासचिव निरंजन जैन ने एक ज्ञापन जारी कर कहा कि जोरहाट के लोग लंबे समय से लंबी दूरी की ट्रेन सेवा शुरू होने की बाट जोह रहे है। कारोबार एवं शिक्षा के लिहाज से जोरहाट का तेजी से विकास हो रहा है। संस्था लंबे समय से यात्रियों के हक की आवाज बुलंद कर रहा है। रेल मंत्री से लेकर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के आलाधिकारियों को इस मांग से अवगत कराया गया है।

सचिव जैन ने बातचीत के क्रम में बताया कि रेलवे का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेन चलाने में कुछ तकनीकी परेशानी है। मरियानी में इंजन बदलना पड़ेगा। इससे ट्रेन समय पर असर पड़ेगा। इसके लिए बाईपास लाइन बनाने की जरूरत है। इसका प्रस्ताव भी तैयार किया गया था। लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी अब तक कुछ नही हुआ। जैन ने कहा जोरहाट से रेलवे को मोटे राजस्व की कमाई होती है। बावजूद यात्रियों को दिल्ली, कोलकाता आदि जगहों के लिए ट्रेन पकड़ने मरियानी जाना पड़ता है।

उन्होंने जल्द से जल्द मरियानी में बाईपास लाइन का निर्माण कर लंबी दूरी के ट्रेन शुरू करने की मांग की है ।जैन ने कहा कि जोरहाट रेलवे स्टेशन के बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। यह सराहनीय है। ज्ञापन की प्रति पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक व केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री पवित्र मार्घेरिटा को भी भेजी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai