home page

मुख्यमंत्री ने रंगिया में रक्षा उपकरण निर्माण इकाई की रखी आधारशिला

 | 
मुख्यमंत्री ने रंगिया में रक्षा उपकरण निर्माण इकाई की रखी आधारशिला


गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को रंगिया के तुलसीबाड़ी स्थित असम औद्योगिक विकास निगम (एआईडीसी) औद्योगिक क्षेत्र में स्पीड 4 डिफेंस सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड की रक्षा उपकरण निर्माण इकाई का भूमिपूजन कर आधारशिला रखी।

मुंबई स्थित कंपनी इस परियोजना पर शुरुआती चरण में लगभग 50 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके लिए करीब 14 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। जनवरी 2028 तक यहां उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पूरी क्षमता से परिचालन शुरू होने पर इस इकाई में प्रतिवर्ष 5,000 प्रीफैब्रिकेटेड त्वरित तैनाती योग्य संरचनाओं, 300 भूमिगत बंकरों एवं सुरक्षा संरचनाओं, 100 ड्रोन रोधी प्रणालियों और 1,500 ड्रोन का निर्माण किया जा सकेगा।

परियोजना के पहले चरण में लगभग 150 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। पूरी क्षमता से उत्पादन शुरू होने पर रोजगार के अवसर बढ़कर करीब 500 हो सकते हैं। कंपनी अपनी उत्पादन एवं आपूर्ति श्रृंखला के 25 से 30 प्रतिशत हिस्से में स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा सहायक उद्योगों को शामिल करने की योजना बना रही है।

इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि तुलसीबाड़ी में रक्षा उपकरण निर्माण परियोजना का भूमिपूजन असम के औद्योगिक विकास के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग को असम में लाने में सफलता के बाद अब राज्य सरकार रक्षा विनिर्माण क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए असम एयरोस्पेस एवं रक्षा विनिर्माण नीति, 2025 में संशोधन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक रक्षा उपकरण निर्माता कंपनियां राज्य में निवेश के लिए आकर्षित हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा सेनाएं प्रतिवर्ष लगभग दो लाख करोड़ रुपये के रक्षा उपकरण खरीदती हैं। भारत बड़ी मात्रा में रक्षा उत्पादों का निर्यात भी कर रहा है। इसके बावजूद अब तक असम अथवा पूर्वोत्तर में कोई प्रमुख रक्षा विनिर्माण उद्योग स्थापित नहीं हुआ था। स्पीड 4 डिफेंस सिस्टम्स की यह पहल इस दिशा में क्षेत्र की पहली महत्वपूर्ण परियोजना होगी।

उन्होंने जागीरोड में लगभग 6,000 बीघा भूमि पर रक्षा पार्क स्थापित करने की सरकार की योजना का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक के दौरान देश ने स्वदेशी रक्षा उपकरण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जागीरोड में 27,000 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित हो रही सेमीकंडक्टर परियोजना का उद्घाटन अगले वर्ष अप्रैल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।

उन्होंने कहा कि उड़ीसा के पारादीप से पाइपलाइन के माध्यम से कच्चा तेल नुमलीगढ़ रिफाइनरी तक पहुंचाया जाएगा। नामरूप में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से उर्वरक कारखाने का निर्माण कार्य जारी है तथा वहां एक अन्य कारखाना स्थापित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा धुबड़ी जिले के छापर में 3,200 मेगावाट क्षमता वाली ताप विद्युत परियोजना का काम शुरू हो चुका है।

डॉ. सरमा ने कहा कि इन औद्योगिक परियोजनाओं से लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे और उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 10,000 युवाओं को 20 अलग-अलग समूहों में गुजरात भेजने की योजना बना रही है, ताकि वे वहां के औद्योगिक परिवेश को समझ सकें और औद्योगिक विकास से प्रेरणा ले सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रंगिया विधानसभा क्षेत्र में 3,400 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने में सरकार सफल रही है। उन्होंने बताया कि तुलसीबाड़ी में जल्द ही पानी की टंकी निर्माण की एक औद्योगिक इकाई भी स्थापित की जाएगी।

कंपनी रक्षा एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र में अनुसंधान, विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी के साथ भी सहयोग करेगी। इससे संस्थान के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों को व्यावहारिक रक्षा तकनीकों पर काम करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में सांसद दिलीप सैकिया, विधायक भवेश कलिता, राज्य सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जेबी एक्का, एआईडीसी के उपाध्यक्ष नवदीप कलिता, प्रबंध निदेशक मेघनिधि दहाल, जिला आयुक्त देव कुमार मिश्र, स्पीड 4 डिफेंस सिस्टम्स के प्रबंध निदेशक देवांग शाह और सह-संस्थापक एवं उपाध्यक्ष विशाल शाह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश