दरंग के छिपाझार में गणेश होटल में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख
दरंग (असम), 30 मई (हि.स.)। असम के दरंग जिले के छिपाझार क्षेत्र के बरदौलगुड़ी स्थित गणेश होटल में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की इस घटना में होटल के भीतर मौजूद सभी साज-सामान जलकर राख हो गए, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक होटल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण होटल को बचाया नहीं जा सका। आग ने कुछ ही समय में होटल के अधिकांश हिस्से को नुकसान पहुंचाया।
अग्निकांड में होटल का फर्नीचर, रसोई से संबंधित सामग्री तथा अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं तथा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, इस घटना से होटल मालिक को भारी आर्थिक क्षति हुई है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

