home page

कांग्रेस ने दिवंगत जुबीन गर्ग की रचनाओं को तोड़-मरोड़कर पेश किया : असम भाजपा

 | 
कांग्रेस ने दिवंगत जुबीन गर्ग की रचनाओं को तोड़-मरोड़कर पेश किया : असम भाजपा


गुवाहाटी, 13 मार्च (हि.स.)। असम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता जयंत कुमार गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि असम के प्रिय कलाकार जुबीन गर्ग के असामयिक निधन के बाद, कांग्रेस पार्टी ने उन्हें बार-बार राजनीतिक अखाड़े में घसीटा है और इस महान कलाकार की रचनाओं को तोड़-मरोड़कर पेश किया है।

अटल बिहारी वाजपेयी भवन में शुक्रवार काे आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कुछ दिन पहले, कांग्रेस अध्यक्ष व लाेकसभा सांसद गौरव गोगोई ने जुबीन गर्ग की अंतिम रचना, फिल्म रोई रोई बिनाले के नाम को गलत तरीके से पेश किया और मीडिया के सामने इसे रोई रोई बिनालोई कहकर संबोधित किया।

उन्होंने आगे कहा कि कल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने फिर से फिल्म के नाम को तोड़-मरोड़कर पेश किया और राष्ट्रीय तथा राज्य मीडिया के सामने इसे रोई रोई केतेकी बताया। ऐसे बयानों के माध्यम से उन्होंने न केवल दिवंगत कलाकार की रचनाओं का अपमान किया है, बल्कि स्वयं कलाकार का भी अनादर किया है।

प्रवक्ता ने यह भी उल्लेख किया कि इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिवंगत डॉ. भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिए जाने की आलोचना की थी, जिससे इस महान हस्ती की रचनाओं और विरासत का अपमान हुआ था।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय