वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत असम आएंगे कांग्रेस के दो केंद्रीय पर्यवेक्षक
गुवाहाटी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के देशव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पार्टी के दो केंद्रीय पर्यवेक्षक राहुल बोल और तौकिर आलम असम का दौरा करेंगे। इस दौरान दोनों नेता राज्य के विभिन्न जिलों में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ शीर्षक से आयोजित विरोध कार्यक्रमों और संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक महासचिव रामन्ना बरुवा ने यह जानकारी दी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल 23 अक्टूबर से अपना दौरा शुरू करेंगे। वह 23 अक्टूबर को सुबह 11.30 बजे मोरीगांव जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे।
इसके बाद 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे नगांव जिला कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा लेंगे। उसी दिन शाम चार बजे वह गोलाघाट के लिए रवाना होंगे। 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे गोलाघाट में आयोजित विरोध कार्यक्रम में भाग लेने के बाद 26 अक्टूबर को सुबह नौ बजे कार्बी आंगलोंग के लिए रवाना होंगे। वहां सुबह 11 बजे कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम चार बजे गुवाहाटी पहुंचेंगे।
राहुल बोल 27 अक्टूबर को गुवाहाटी स्थित राजीव भवन में आयोजित दिनभर के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे पश्चिम कार्बी आंगलोंग और दोपहर तीन बजे होजाई में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
वहीं, एआईसीसी के दूसरे पर्यवेक्षक तौकिर आलम 24 अक्टूबर से बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) में अपना दौरा शुरू करेंगे। वह 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कोकराझार में आयोजित विरोध कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे चिरांग और दोपहर तीन बजे बाक्सा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
तौकिर आलम 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे तामुलपुर और दोपहर तीन बजे उदालगुड़ी में आयोजित विरोध सभाओं में भाग लेंगे। इसके बाद 27 अक्टूबर को वह गुवाहाटी के राजीव भवन में आयोजित दिनभर के संगठनात्मक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कांग्रेस की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पार्टी के देशव्यापी अभियान को राज्य के विभिन्न जिलों तक पहुंचाना और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करना है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

