असम प्रदेश कांग्रेस में सतह पर आया अंतर्कलह, तंजिल हुसैन की नियुक्ति पर रोक
गुवाहाटी, 02 जून (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस में अंतर्कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। असम प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद पर हुई तंजिल हुसैन की नियुक्ति को कांग्रेस हाईकमान ने अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, तंजिल हुसैन को युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद पर जुबैर आलम ने नियुक्त किया था। हालांकि, उनकी नियुक्ति पर पार्टी के भीतर ही विरोध के स्वर उठने लगे, जिसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने इस नियुक्ति पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
सूत्रों के मुताबिक, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के समर्थक खेमे की आपत्ति के चलते यह स्थगनादेश जारी किया गया। इस घटनाक्रम ने प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी और आंतरिक मतभेदों की चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
कांग्रेस हाईकमान द्वारा जारी आदेश के अनुसार तंजिल हुसैन की नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी नहीं रहेगी। इस बीच, पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को लेकर राजनीतिक गलियारों में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं जारी हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

