जिला कांग्रेस भवन में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ बैठक आयोजित
जोरहाट (असम), 24 अक्टूबर (हि.स.)। जोरहाट कांग्रेस भवन में आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम के असम प्रभारी कुणाल बनर्जी की मौजूदगी में कार्यक्रम को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं जोरहाट जिला कांग्रेस के प्रभारी जयंत कलिता, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव शुभ्रमित्र गोगोई, जोरहाट जिला कांग्रेस अध्यक्ष पुतुल बुढ़ागोहाई सहित पार्टी के विभिन्न स्तर के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कुणाल बनर्जी ने देश की चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता, मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पिछले कुछ समय से मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। कांग्रेस द्वारा उठाए गए इन मुद्दों पर चुनाव आयोग से स्पष्ट और संतोषजनक जवाब मांगा गया है।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर भी कांग्रेस ने चिंता जताई है। पार्टी का मानना है कि कोई भी योग्य मतदाता का नाम सूची से बाहर न हो और कोई भी वास्तविक मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा शुरू किए गए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को देश के हर बूथ और गांव स्तर तक ले जाने की योजना है। इस अभियान के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर ‘वोट रक्षक’ की पहचान करना, मतदाताओं में जागरूकता पैदा करना, गांव स्तर पर बैठकें और संवाद कार्यक्रम आयोजित करना तथा पदयात्रा के जरिए मताधिकार सुरक्षा का संदेश पहुंचाना शामिल है।
उन्होंने कहा कि जोरहाट जिले की करीब 86 ग्राम पंचायतों और 800 से अधिक मतदान केंद्रों में इस कार्यक्रम को लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में कोई विसंगति है या नहीं, योग्य मतदाताओं के नाम शामिल हुए हैं या नहीं और असली मतदाताओं के नाम कटे तो नहीं हैं, इन विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक के बाद ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम के तहत एक पदयात्रा भी निकाली गई। यह पदयात्रा केंदुगुड़ी के रेबाकांत बोरा हाईस्कूल तक गई, जहां मताधिकार सुरक्षा और लोकतंत्र बचाने का संदेश दिया गया। कांग्रेस नेतृत्व की योजना के अनुसार आगामी 28 अक्टूबर तक जोरहाट, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, शिवसागर और चराईदेव — इन पांच जिलों में इस अभियान का संगठनात्मक कार्य शुरू करने का लक्ष्य है। पार्टी के अनुसार लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai

