home page

असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोगोई ने काजीरंगा हादसे के पीड़ितों के परिवारों के प्रति जताई गहरी संवेदना

 | 
असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोगोई ने काजीरंगा हादसे के पीड़ितों के परिवारों के प्रति जताई गहरी संवेदना


गुवाहाटी, 13 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई ने काजीरंगा में हुए दिल दहला देने वाले सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। आज मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, गोगोई ने कहा कि असम में राष्ट्रीय राजमार्ग अब भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। उन्होंने कहा कि राजमार्ग निर्माण की गुणवत्ता इतनी गिर गई है कि राज्य में हर महीने इस तरह के भयानक सड़क हादसे हो रहे हैं।

कई लोगों की जान लेने वाले इस हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए, सांसद ने कहा कि अगर सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों ने थोड़ी भी ईमानदारी दिखाई होती, तो इस दुखद घटना को पूरी तरह से रोका जा सकता था। गोगोई ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आज राज्य के राजमार्गों की जो दयनीय स्थिति है, वह पूरी तरह से व्यापक भ्रष्टाचार, ठेकेदारों के अत्यधिक लालच और राजनेताओं के साथ उनकी मिलीभगत का नतीजा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया कि भारत सरकार असम के लोगों से टोल टैक्स क्यों वसूल रही है, जबकि वह राष्ट्रीय राजमार्गों की ठीक से मरम्मत करने में भी विफल रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले भी संसद में यह मुद्दा उठाया था कि असम के लोगों से टोल वसूलने के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्गों का सही ढंग से मरम्मत नहीं किया जा रहा है। सांसद गौरव गोगोई ने आज के इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय