home page

नगांव लोस उपचुनाव के लिए कांग्रेस के पांच नेताओं ने मांगा टिकट

 | 
नगांव लोस उपचुनाव के लिए कांग्रेस के पांच नेताओं ने मांगा टिकट


गुवाहाटी, 29 अगस्त (हि.स.)। असम की नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट के लिए पांच नेताओं ने आवेदन किया है। पार्टी सूत्रों ने आज यह जानकारी दी।

टिकट के दावेदारों में पूर्व विधायक शिवामणि बोरा और दुर्लभ सुमुआ के अलावा इमदाद हुसैन, मैदुल इस्लाम खान और रंजीत बर्मन शामिल हैं।

पार्टी के टिकट के लिए आवेदन जमा करने की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त हो गई। सभी दावेदारों ने असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पक्ष में एक लाख रुपये का गैर-वापसी योग्य डिमांड ड्राफ्ट तथा मतदाता सूची की प्रमाणित प्रति पार्टी कोषाध्यक्ष के समक्ष जमा की।

नगांव लोकसभा सीट पूर्व सांसद प्रद्युत बरदलै के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। बरदलै ने अप्रैल में हुए असम विधानसभा चुनाव से पहले मार्च में भाजपा का दामन थाम लिया था।

निर्वाचन आयोग ने अभी तक नगांव लोकसभा उपचुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की है। कांग्रेस अब पांचों दावेदारों के दावों और राजनीतिक समीकरणों का आकलन करने के बाद अपने उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला लेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश