सरूपथार सीट छोड़ने काे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं गोलाघाट में गौरव गोगोई का किया घेराव
गोलाघाट (असम), 26 फरवरी (हि.स.)। गोलाघाट स्थित आवर्त भवन में गुरुवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व लाेकसभा सांसद गौरव गोगोई का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सरूपथार विधानसभा सीट को असम जातीय परिषद को छोड़े जाने की चर्चा से नाराज थे।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरूपथार सीट वर्षों से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रही है और इसे किसी अन्य दल को सौंपना जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय होगा। इस दौरान आवर्त भवन परिसर में नारेबाजी की गई और पार्टी नेतृत्व से स्पष्ट जवाब की मांग की गई।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने गौरव गोगोई को 24 घंटे के भीतर पार्टी की स्थिति स्पष्ट करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में स्थिति स्पष्ट नहीं की गई तो हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता सामूहिक मुंडन कर पार्टी से त्यागपत्र दे देंगे।
आगामी चुनावों से पहले सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच इस विरोध प्रदर्शन ने असम कांग्रेस में बढ़ते असंतोष की स्थिति को उजागर कर दिया है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

