home page

अल्पसंख्यक इलाकों में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के खिलाफ लगे ‘गो बैक’ के नारे

 | 

गुवाहाटी, 20 सितंबर (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष और लाेकसभा सांसद गौरव गोगोई को नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान कथित तौर पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर ‘गो बैक’ के नारे भी लगाए जाने की खबर है।

बरदुवा से शुरू हुए एक चुनावी जुलूस के दौरान लोगों के एक वर्ग ने गौरव गोगोई के खिलाफ ‘गो बैक’ के नारे लगाए। वहीं, धिंग के धूपगुड़ी इलाके में कुछ अल्पसंख्यक मतदाताओं ने काले कपड़े दिखाकर विरोध जताया और आरोप लगाया कि गौरव गोगोई की क्षेत्र में कोई काम नहीं है।

इसी बीच, लाहोरीघाट विधानसभा क्षेत्र के बालिडोंगा में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस विधायक आसिफ मोहम्मद नजर और नगांव लोकसभा उपचुनाव की कांग्रेस उम्मीदवार शिवामणि बोरा को भी कथित विरोध का सामना करना पड़ा।

रिपोर्ट के अनुसार, शिवामणि बोरा की मौजूदगी में स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने ‘गो बैक’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछले 70 वर्षों से कथित तौर पर डर और धमकी का माहौल बनाकर अल्पसंख्यक समुदाय से वोट हासिल किए हैं।

नगांव लोकसभा उपचुनाव 6 अक्टूबर को होना है। चुनाव प्रचार तेज होने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और विरोध प्रदर्शन का दौर भी जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश