home page

एपीसीसी के शांतिपूर्ण 'संविधान बचाओ मार्च' के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की कांग्रेस ने की निंदा

 | 
एपीसीसी के शांतिपूर्ण 'संविधान बचाओ मार्च' के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की कांग्रेस ने की निंदा


गुवाहाटी, 26 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा ने संविधान दिवस के मौके पर एपीसीसी द्वारा गुरुवार काे आयोजित शांतिपूर्ण 'संविधान बचाओ मार्च' को रोकने और कथित तौर पर अत्यधिक बल प्रयोग करने के लिए पुलिस की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई के कारण कांग्रेस के कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और पुलिस प्रशासन की भूमिका की कड़ी निंदा करते हुए बेदब्रत बोरा ने कहा कि देश के बाकी हिस्सों की तरह, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी संविधान की रक्षा के लिए एक विरोध कार्यक्रम और मार्च का आयोजन किया था। इस दौरान 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाए गए और गुवाहाटी के मानवेंद्र शर्मा कॉम्प्लेक्स में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की मांग की गई।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रशासन को पहले ही एक आवेदन देकर मानवेंद्र शर्मा कॉम्प्लेक्स से डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकालने की अनुमति मांगी थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने कथित तौर पर इस अनुरोध पर कोई ध्यान नहीं दिया और दो सांसदों तथा छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को इस शांतिपूर्ण मार्च में शामिल होने से जबरन रोक दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा रोके जाने के कारण पार्टी के कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रशासन के दोहरे मापदंडों की आलोचना करते हुए कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या अन्य संगठन विरोध प्रदर्शन करते हैं, तो पुलिस सड़कों को खुला रहने देती है, लेकिन जब विपक्ष की बात आती है, तो उनका रवैया बिल्कुल अलग होता है।

मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, हिमंत बिस्व सरमा अब लोगों को 'लास्ट गेट' पर डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने की अनुमति देने से भी डरते हैं।

एपीसीसी मीडिया विभाग के अध्यक्ष ने पुलिस की ज्यादतियों और प्रशासन द्वारा भाजपा के प्रति दिखाए गए कथित पक्षपातपूर्ण रवैये की कड़ी निंदा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय