home page

असम के मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण पर केंद्र के कदम की सराहना की

 | 
असम के मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण पर केंद्र के कदम की सराहना की


गुवाहाटी, 29 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 'संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026' को मंजूरी दिए जाने के लिए उठाए गये कदम का स्वागत किया है। इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था करना है।

इस मंजूरी को ऐतिहासिक कदम बताते हुए, डॉ. सरमा ने कहा कि प्रस्तावित कानून लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और देश की नीतियों व फैसलों को तय करने में उन्हें एक बड़ी भूमिका देगा।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, मुख्यमंत्री ने इस कदम का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया। उन्होंने मंत्रिमंडल की इस मंजूरी को विधायी निकायों में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया।

केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में यह विधेयक पेश करने वाली है। इसके मुख्य प्रस्तावों में लोकसभा में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करना शामिल है। साथ ही, महिला आरक्षण को लागू करने के लिए राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या में भी इसी अनुपात में वृद्धि की जाएगी।

सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में प्रस्तावित ये बदलाव 2051 तक यथावत (स्थिर) रहेंगे। इस विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या को बढ़ाकर 850 करने का भी प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से 815 तक प्रतिनिधि और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 प्रतिनिधि शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय