असम में गो-तस्करी के खिलाफ अभियान तेज, 22 वाहन जब्त, 298 गो-धन बरामद
गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि राज्य में गो-तस्करी के खिलाफ पुलिस अभियान तेज कर दिया गया है और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गायें लोगों के आध्यात्मिक जीवन से जुड़ी हैं और कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, जो अवैध तरीके से गो-धन की तस्करी कर लाभ कमाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने बताया कि नगांव जिले में तीन स्थानों पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 22 वाहन जब्त किए और 298 गो-धन को बरामद किया। इस मामले में 33 लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मुख्यमंत्री ने गो-तस्करी में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस अवैध कारोबार को रोकने के लिए आने वाले दिनों में पुलिस अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

