हर बालिका के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है असम सरकार : मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर राज्य की सभी बालिकाओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रत्येक बालिका की सुरक्षा, सशक्तीकरण और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बालिकाओं को शक्ति, साहस और रचनात्मकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में समाज की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मां लक्ष्मी के स्वरूप के रूप में बालिकाओं के सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने उनकी आकांक्षाओं, प्रतिभा और संभावनाओं को सम्मान देने पर जोर दिया।
डॉ. सरमा ने कहा कि उनकी सरकार प्रत्येक बालिका के लिए सुरक्षित सामाजिक वातावरण और अवसरों से भरपूर भविष्य के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है।
उन्होंने 'निजुत मोइना' जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी पहल बालिकाओं के सशक्तीकरण और विकास के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार प्रत्येक बालिका के सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर काम करती रहेगी, ताकि उनकी प्रतिभा को उचित सम्मान मिले और वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

