home page

ब्रह्मपुत्र घाटी में रहने वाले बाहरी राज्यों के लोगों से जनगणना में असमिया लिखने की अपील

 | 
ब्रह्मपुत्र घाटी में रहने वाले बाहरी राज्यों के लोगों से जनगणना में असमिया लिखने की अपील


गुवाहाटी, 17 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने ब्रह्मपुत्र घाटी में रहने वाले देश के बाहरी राज्यों से आकर यहां रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे जनगणना में अपनी पहचान असमिया के रूप में दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जो लोग असम को अपनी मातृभूमि मानते हैं, वे जनगणना के दौरान असमिया लिखें। मुख्यमंत्री आज लोक सेवा भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र से जुड़े शिक्षित बेरोजगार युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस वर्ष से मुख्यमंत्री किसान उत्कर्ष पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की। इस वर्ष 1,000 उभरते किसानों को सम्मानित किया जाएगा तथा उन्हें कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। अगले पांच वर्षों में कृषि क्षेत्र से जुड़े 10,000 शिक्षित युवाओं को इस पुरस्कार के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने अगले पांच वर्षों में राज्य में दो लाख सरकारी पदों पर नियुक्ति का लक्ष्य भी घोषित किया। उन्होंने कहा कि सरकार नए पद सृजित करने के साथ-साथ रिक्त पदों को भरने पर भी जोर देगी। नियुक्ति प्रक्रिया वर्ष 2027 से शुरू की जाएगी।

डॉ. सरमा ने कहा कि सरकारी विभागों में पदोन्नति के माध्यम से भी रिक्तियां सृजित करने का प्रयास किया जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश