home page

गर्मी की छुट्टियों को यादगार और सार्थक बनाएं बच्चे : मुख्यमंत्री डॉ. सरमा

 | 
गर्मी की छुट्टियों को यादगार और सार्थक बनाएं बच्चे : मुख्यमंत्री डॉ. सरमा


गुवाहाटी, 08 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चों से अपील की कि वे गर्मी की छुट्टियों का भरपूर आनंद लें और मोबाइल व इंटरनेट की दुनिया से बाहर निकलकर परिवार, प्रकृति और समाज के साथ समय बिताएं।

मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की गर्मी की छुट्टियों की यादें साझा करते हुए कहा कि उस समय छुट्टियां ननिहाल जाने, दादा-दादी और रिश्तेदारों के साथ समय बिताने, गांव में खेलकूद करने, तालाब में मछली पकड़ने और पेड़ों से मौसमी फल तोड़कर खाने जैसी गतिविधियों से भरपूर होती थीं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक ने जीवन को आसान जरूर बनाया है, लेकिन वास्तविक जीवन के अनुभवों की जगह कोई डिजिटल स्क्रीन नहीं ले सकती। उन्होंने बच्चों से ननिहाल जाने, बुजुर्गों से कहानियां सुनने, दोस्तों के साथ खेलने, अच्छी किताबें पढ़ने और नई चीजें सीखने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि परिवार कहीं घूमने जाए तो असम के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के साथ-साथ साइंस सिटी, शहीद स्मारक और लाचित बरफुकन के मैदाम जैसे स्थानों का भी भ्रमण करें, ताकि बच्चों को सीखने का अवसर मिले।

उन्होंने बच्चों से अपने मित्रों, शिक्षकों, रिश्तेदारों या किसी प्रिय व्यक्ति को पत्र लिखने की आदत विकसित करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पत्र लेखन भावनाओं को बेहतर ढंग से व्यक्त करने और रचनात्मकता को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस बार की गर्मी की छुट्टियां बच्चों के लिए नए अनुभव, नई सोच और नई यादों से भरपूर साबित होंगी तथा सभी के सुखद और आनंदमय अवकाश की कामना की।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश