home page

मुख्यमंत्री ने प्रख्यात फिल्मकार एवं चित्रकार पुलक गोगोई को पुण्यतिथि पर किया नमन

 | 
मुख्यमंत्री ने प्रख्यात फिल्मकार एवं चित्रकार पुलक गोगोई को पुण्यतिथि पर किया नमन


गुवाहाटी, 12 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को प्रख्यात असमिया फिल्मकार, चित्रकार एवं कलाकार पुलक गोगोई की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने असमिया सिनेमा और चित्रकला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी रचनात्मक प्रतिभा ने राज्य की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा कि पुलक गोगोई ने अपनी विशिष्ट रचनात्मकता के माध्यम से असमिया फिल्म और चित्रकला जगत में विशेष स्थान बनाया था। उन्होंने अपनी फिल्मों और चित्रों के जरिए असम के सामाजिक जीवन, आम लोगों की भावनाओं तथा जीवन के विभिन्न पहलुओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि गोगोई की विशिष्ट कलात्मक दृष्टि और रचनात्मक योगदान असमिया समाज के लिए हमेशा स्मरणीय रहेंगे। उनकी कला और कलाकार के रूप में उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

पुलक गोगोई का निधन 12 नवंबर, 2022 को 84 वर्ष की आयु में हुआ था। उन्होंने फिल्म निर्देशन, चित्रकला और कार्टून कला के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश